पाकिस्तान की WCL 2026 में भागीदारी पर सवाल, खिलाड़ियों के NOC को लेकर PCB ने रखी नई शर्त

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026 में पाकिस्तान चैंपियंस की गैरमौजूदगी को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। टूर्नामेंट में पाकिस्तान की टीम अपने शुरुआती दो मुकाबले नहीं खेल सकी और दोनों मैच रद्द हो गए। अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB की ओर से टीम को टूर्नामेंट में खेलने के लिए NOC देने को लेकर एक नई जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि PCB पाकिस्तान चैंपियंस को अनापत्ति प्रमाण पत्र देने के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए बोर्ड ने कुछ शर्तें रखी हैं। इनमें पिछले सीजन से जुड़े भारत-पाकिस्तान विवाद को खत्म करने की शर्त भी शामिल बताई जा रही है।
भारत से लिखित माफी की मांग
मामला 2025 के WCL फाइनल से जुड़ा है। उस दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला खेलने से इनकार कर दिया था। इस घटनाक्रम के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने नाराजगी जताई थी।
अब सामने आई जानकारी के मुताबिक, PCB की एक शर्त यह है कि भारतीय खिलाड़ियों की ओर से पिछले साल पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर नहीं उतरने को लेकर लिखित माफी दी जाए। इसके अलावा भारतीय और पाकिस्तानी खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक की बात भी शर्तों में शामिल बताई जा रही है।
हालांकि, टूर्नामेंट के आयोजकों ने इन शर्तों को स्वीकार नहीं किया। रिपोर्ट के मुताबिक, WCL प्रबंधन ने केवल व्यावसायिक शर्तों पर सहमति जताई है, जबकि लिखित माफी और हैंडशेक से संबंधित मांगों को स्वीकार नहीं किया गया।
पाकिस्तान के बिना जारी है टूर्नामेंट
पाकिस्तान चैंपियंस के शामिल होने की स्थिति में WCL 2026 में कुल सात टीमें होनी थीं। लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में टूर्नामेंट छह टीमों के साथ आगे बढ़ रहा है।
पाकिस्तान का पहला मुकाबला बांग्लादेश चैंपियंस और दूसरा मैच ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के खिलाफ निर्धारित था। पाकिस्तान की टीम दोनों मुकाबलों में मैदान पर नहीं उतरी, जिसके चलते दोनों मैच रद्द हो गए।
इंडिया चैंपियंस ने की जीत से शुरुआत
इंडिया चैंपियंस ने WCL 2026 में अपने अभियान की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के खिलाफ जीत से की। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 196 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की टीम 16.2 ओवर में 150 रन पर सिमट गई। भारत ने यह मुकाबला 46 रन से अपने नाम किया।
इंग्लैंड के खिलाफ मिली हार
इसके बाद इंडिया चैंपियंस का सामना इंग्लैंड चैंपियंस से हुआ। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 192 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 171 रन ही बना सकी। इस तरह इंग्लैंड चैंपियंस ने मुकाबला 21 रन से जीत लिया।
फिलहाल पाकिस्तान की WCL 2026 में वापसी को लेकर स्थिति आयोजकों और PCB के बीच बनी शर्तों पर निर्भर करती दिखाई दे रही है। माफी और हैंडशेक से जुड़ी शर्तों पर सहमति नहीं बनने के कारण पाकिस्तान चैंपियंस की टूर्नामेंट में वापसी का रास्ता साफ नहीं हुआ है।
