नमो घाट पर भक्ति गीतों ने बांधा समां, राघव-प्राची की जुगलबंदी ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

वाराणसी के नमो घाट पर शुक्रवार की शाम गंगा महोत्सव की शुरुआत भक्ति संगीत और सुरों के शानदार संगम के साथ हुई। कार्यक्रम की पहली शाम कोलकाता से आए भाई-बहन राघव और प्राची अग्रवाल के नाम रही। उनकी प्रस्तुति सुनने के लिए करीब एक हजार युवा पहुंचे। राम और शिव के भजनों की गूंज के बीच पूरा घाट भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।

शाम करीब 7 बजे राघव और प्राची ने मंच संभाला तो दर्शकों में उत्साह देखने को मिला। हल्की ओस और सर्द मौसम के बीच दोनों कलाकारों की आवाज ने समां बांध दिया। उन्होंने अपने पिता गोपी अग्रवाल के साथ मिलकर ‘काशी भजन क्लबिंग : एक संध्या सुरों और बीट्स के नाम’ कार्यक्रम का आगाज किया।

डेढ़ घंटे तक भजनों से बांधा समां

राघव और प्राची अग्रवाल ने करीब डेढ़ घंटे तक अपनी संगीत प्रस्तुति जारी रखी। इस दौरान उन्होंने लगभग 15 भजन सुनाए। राम और भगवान शिव की भक्ति से जुड़े गीतों पर युवा श्रोता झूमते और तालियां बजाते नजर आए।

कार्यक्रम में शिव तांडव की प्रस्तुति खास आकर्षण रही। इसकी धुन और गायन ने दर्शकों में जबरदस्त उत्साह भर दिया। प्रस्तुति के दौरान नमो घाट का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

युवाओं की उमड़ी भीड़, महापौर ने भी लिया आनंद

भजन और आधुनिक संगीत के अनूठे मेल को सुनने के लिए लगभग एक हजार युवा नमो घाट पहुंचे। राघव-प्राची की जुगलबंदी ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। कार्यक्रम में मौजूद महापौर भी संगीत की धुनों पर झूमते दिखाई दिए।

गंगा महोत्सव की पहली शाम ने काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को संगीत के नए अंदाज के साथ प्रस्तुत किया। भक्ति गीतों और कलाकारों की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों के लिए इस शाम को यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *