UPSC एग्जाम के लिए मेरठ में 15 सेंटर तैयार, CDS और NDA-NA की परीक्षा होगी

मेरठ में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की ओर से आयोजित कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज एग्जामिनेशन-2026 (CDS) और नेशनल डिफेंस एकेडमी एंड नेवल एकेडमी एग्जामिनेशन-2026 (NDA-NA) की परीक्षा 13 सितंबर को कराई जाएगी। जिले में परीक्षा के लिए कुल 15 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा को लेकर प्रशासन और संबंधित विभागों ने केंद्रों पर जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

CDS की परीक्षा तीन शिफ्ट में होगी

CDS परीक्षा का आयोजन तीन अलग-अलग पालियों में किया जाएगा। पहली पाली सुबह 9 बजे से 11 बजे तक चलेगी। दूसरी पाली दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक और तीसरी पाली शाम 4 बजे से 6 बजे तक आयोजित होगी।

वहीं NDA-NA परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगी।

परीक्षा से पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश

परीक्षा की व्यवस्था संभालने वाले केंद्राध्यक्ष, एलआईओ, असिस्टेंट सुपरवाइजर और अन्य संबंधित कर्मचारियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले अपने-अपने केंद्र पर पहुंचना होगा।

अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्र में प्रवेश निर्धारित परीक्षा समय से डेढ़ घंटे पहले शुरू किया जाएगा। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले केंद्र का मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद अभ्यर्थियों को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

ई-एडमिट कार्ड और मूल पहचान पत्र जरूरी

परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को अपना ई-एडमिट कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा आवेदन पत्र में दर्ज फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र भी परीक्षा केंद्र पर ले जाना होगा।

परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने में किसी तरह की परेशानी न हो।

मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान पर रोक

परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस समेत किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा बैग और अन्य प्रतिबंधित सामान भी केंद्र के भीतर नहीं ले जाया जा सकेगा।

अभ्यर्थियों को यह भी ध्यान रखना होगा कि परीक्षा केंद्रों पर सामान रखने के लिए क्लॉक रूम की सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह है कि वे परीक्षा के दौरान केवल जरूरी दस्तावेज और अनुमत सामग्री लेकर ही केंद्र पर पहुंचें।

प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर आवश्यक इंतजाम किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *