पांचाल घाट पर कांवड़ियों की भारी भीड़, गंगाजल भरकर शिवालयों की ओर निकले श्रद्धालु

 

फर्रुखाबाद। सावन के तीसरे सोमवार से पहले फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर रविवार रात कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज के कई जिलों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान किया और कांवड़ में जल भरकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।

पांचाल घाट पर हर साल सावन के दौरान बड़ी संख्या में कांवड़िए गंगाजल लेने पहुंचते हैं। इस बार भी मैनपुरी, इटावा, एटा, कन्नौज, हरदोई, शाहजहांपुर, बदायूं, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत समेत कई जिलों से श्रद्धालु यहां पहुंचे।

गोला गोकर्णनाथ समेत कई शिवालयों के लिए रवाना हुए कांवड़िए

रविवार रात घाट पर पहुंचे अधिकांश कांवड़ियों ने गंगा स्नान के बाद कांवड़ में जल भरा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए रवाना हुए। वहीं कई जत्थे अपने-अपने क्षेत्र के शिव मंदिरों की ओर भी गए।

गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ आसपास की दुकानों पर भी भीड़ देखने को मिली। कांवड़ियों ने पूजा सामग्री, खाने-पीने की चीजों और जरूरत के अन्य सामान की खरीदारी की।

मैनपुरी निवासी अवनीश ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ पांचाल घाट से गंगाजल लेने पहुंचे हैं। उनके जत्थे में करीब 50 लोग शामिल हैं। सभी अपने क्षेत्र के प्रसिद्ध शिव मंदिर में गंगाजल अर्पित करेंगे।

कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने घाट पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार व्यवस्था संभालती रहीं।

गंगा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी, नाव, नाविक और गोताखोरों की व्यवस्था की गई। घाट पर पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग भी की गई थी।

पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं से बैरिकेडिंग के भीतर रहकर ही गंगा स्नान करने की अपील करते नजर आए। लाउड हैलर के जरिए लगातार अनाउंसमेंट कर लोगों को सुरक्षित स्थान पर स्नान करने की हिदायत दी गई। श्रद्धालुओं को बैरिकेडिंग पार कर आगे नहीं जाने के लिए भी समझाया गया।

भीड़ को देखते हुए रूट डायवर्जन लागू

कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पहले से रूट डायवर्जन की व्यवस्था की थी। भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई गई, ताकि कांवड़ियों के जत्थों को आवाजाही में परेशानी न हो।

इटावा-बरेली हाईवे पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ नागरिक पुलिस की भी तैनाती की गई। अलग-अलग मार्गों पर वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई, जिससे मुख्य मार्गों पर अनावश्यक जाम की स्थिति न बने।

सावन के तीसरे सोमवार से पहले पांचाल घाट पर उमड़ी भीड़ के बीच प्रशासन की कोशिश श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा और गंगा स्नान सुनिश्चित करने की रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *