राहुल गांधी की गिरफ्तारी के खिलाफ हरदोई में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया

उत्तर प्रदेश के हरदोई में मंगलवार देर रात कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सांसद राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शहर के सिनेमा चौराहे पर एकत्र हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर धरना देकर चक्का जाम किया। इससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को सड़क खाली करने और शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराने की अपील की, लेकिन प्रदर्शन जारी रहने पर पुलिस ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर शहर कोतवाली पहुंचाया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडे ने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध करना लोकतांत्रिक अधिकार है और इस तरह की कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता अपने आंदोलन से पीछे हटने वाले नहीं हैं।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की तत्काल रिहाई की मांग की और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात रहा।
इस विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडे, शहर अध्यक्ष अनुपम दीक्षित, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहन सिंह, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष हसन अहमद, पूर्व जिला अध्यक्ष अजय सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष राजीव सिंह, यश दीक्षित सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
