यूपी में आज 18 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, चित्रकूट में घरों तक भरा कीचड़; सुल्तानपुर में स्कूल बंद

उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर अभी पूरी तरह थमा नहीं है। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 58 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इनमें प्रयागराज और वाराणसी समेत 18 जिले ऐसे हैं, जहां बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। राजधानी लखनऊ समेत आसपास के कई जिलों में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं।
बारिश को देखते हुए सुल्तानपुर प्रशासन ने कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों को सोमवार को बंद रखने का फैसला लिया है। वहीं, चित्रकूट में लगातार बारिश और मध्य प्रदेश के बरगी बांध से पानी छोड़े जाने के बाद पैदा हुई बाढ़ की स्थिति ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
चित्रकूट में बाढ़ के बाद अब कीचड़ से जूझ रहे लोग
चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर अब पहले की तुलना में नीचे आया है, लेकिन बाढ़ का असर अभी भी साफ दिखाई दे रहा है। कई घरों के अंदर करीब 5 फीट तक कीचड़ और मलबा जमा हो गया है।
बाढ़ का पानी निकलने के बाद स्थानीय लोग घरों की सफाई में जुटे हुए हैं। कई जगहों पर सड़कों पर कचरा और मलबा जमा है। घरों में रखे फ्रिज, कूलर और दूसरे सामान भी कीचड़ में खराब हो गए हैं। कई इलाकों में बिजली के टूटे हुए खंभे भी नजर आ रहे हैं।
मंदाकिनी नदी में आई तेज बाढ़ का असर रामघाट पर भी देखने को मिला। यहां बना पुल टूटकर नदी में जा गिरा। इसके अलावा तुलसीदास की प्रतिमा भी बाढ़ की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। प्रतिमा का ऊपरी हिस्सा पानी के तेज बहाव में बह गया।
हेलिकॉप्टर और SDRF ने लोगों को सुरक्षित निकाला
बाढ़ के दौरान कई इलाकों में लोग फंस गए थे। राहत और बचाव अभियान में SDRF की टीमों के साथ दो हेलिकॉप्टरों की मदद ली गई। अभियान के दौरान करीब 50 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
गोबरिया गांव में 12 लोग बाढ़ के पानी से घिर गए थे। बताया गया कि उन्हें करीब चार घंटे तक एक पीपल के पेड़ पर बैठकर अपनी जान बचानी पड़ी। बाद में राहत टीम ने सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
SDRF की टीम ने कई घरों में फंसे लोगों को भी बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान छोटे बच्चों को जवानों ने गोद में उठाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।
31 अगस्त तक बारिश में कमी के आसार
लखनऊ के मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, मध्य प्रदेश, राजस्थान और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय मानसूनी सिस्टम अब आगे बढ़ चुका है। इसके कारण 31 अगस्त तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
हालांकि, मौसम में यह राहत ज्यादा लंबे समय तक रहने की उम्मीद नहीं है। सितंबर के पहले सप्ताह में एक नए मौसम सिस्टम के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में दोबारा बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
आज किन इलाकों में बारिश का अनुमान?
सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। कुछ जिलों में सामान्य बारिश के साथ तेज बारिश हो सकती है, जबकि 18 जिलों में बहुत भारी बारिश को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्क रहने को कहा गया है।
बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन तथा राहत-बचाव टीमें प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं।
