महराजगंज महोत्सव: जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज में विज्ञान मॉडल, क्विज़ और रंगोली प्रतियोगिताओं की स्क्रीनिंग

महराजगंज महोत्सव के तहत जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज में विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी, साइंस क्विज़ और रंगोली प्रतियोगिता की स्क्रीनिंग आयोजित की गई। यह महोत्सव 31 अक्टूबर से शुरू होगा।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसमें कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, पंडित दीन दयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज, स्टैनफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल और जीएसवीएस इंटर कॉलेज शामिल थे।
विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण, डिजिटल तकनीक, स्वच्छता और कृषि नवाचार जैसे विषयों पर आकर्षक मॉडल पेश किए। साइंस क्विज़ में छात्रों ने विज्ञान के विभिन्न पहलुओं पर पूछे गए सवालों का उत्तर देकर अपनी ज्ञान और तर्कशक्ति का प्रदर्शन किया।
रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने ‘विकसित भारत @2047’ और ‘समर्थ उत्तर प्रदेश @2047’ की थीम पर भारत और प्रदेश के विकास को रचनात्मक ढंग से दर्शाया।
निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया। जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी ने बताया कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में सृजनशीलता, आत्मविश्वास और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करती हैं। डीएम के निर्देशानुसार महोत्सव में विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।