IED हमले में जख्मी CRPF अधिकारी अजय मलिक से मिले राहुल गांधी, बहादुरी को सराहा

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोमवार को Central Reserve Police Force (CRPF) की कोबरा बटालियन के असिस्टेंट कमांडेंट अजय मलिक से आरके पुरम स्थित सीआरपीएफ मेस में मुलाकात की।
अजय मलिक करीब दो सप्ताह पहले झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान एक आईईडी विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। विस्फोट इतना भयंकर था कि उन्हें गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उनका एक पैर काटना पड़ा।
घायल होने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए नई दिल्ली लाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। राहुल गांधी ने उनसे और उनके परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश सेवा के जज़्बे की सराहना की।
इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वाले जवानों का बलिदान और समर्पण पूरे देश के लिए प्रेरणा है। उन्होंने अजय मलिक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
बताया गया कि घायल होने के बावजूद अजय मलिक अपने जवानों का नेतृत्व करते हुए मोर्चे पर डटे रहे। बाद में उन्हें तुरंत इलाज के लिए AIIMS में भर्ती कराया गया।
यह अभियान झारखंड के सिंहभूम जिला के सारंडा क्षेत्र के मरांग पोंगा जंगलों में चलाया गया था, जहां नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर सीआरपीएफ ने घेराबंदी कर ऑपरेशन शुरू किया।
सुबह करीब पांच बजे सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई, जिसमें अजय मलिक आईईडी ब्लास्ट में गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद दूसरी मुठभेड़ में कांस्टेबल विक्रम यादव भी गोली लगने से घायल हुए।
दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एयरलिफ्ट कर दिल्ली लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
