अलीगढ़ में अचल सरोवर पर पहली बार नगर निगम करेगा दीपोत्सव, देव दीवाली पर जलेंगे 51,000 दीपक, भव्य लेजर बीम शो

अलीगढ़ में इस साल धूमधाम के साथ देव दीवाली मनाई जाएगी। पहली बार नगर निगम अचल सरोवर में दीपोत्सव का आयोजन करेगा, जिसमें 51,000 दीपक जलाए जाएंगे। सीएम के निर्देश के बाद प्रशासन और नगर निगम इस कार्यक्रम की तैयारियों में जुट गए हैं।
अचल सरोवर में 25 अक्टूबर को होने वाले दीपोत्सव की शुरुआत शाम 7 बजे से होगी। हर दीपक को स्वच्छता का संदेश देते हुए जलाया जाएगा। नगर निगम ने इस बार दीपक जलाने के साथ “एक दीप स्वच्छता के नाम” का संदेश देने की योजना बनाई है। आमजन भी दीपक जलाकर देव दीवाली का हिस्सा बन सकेंगे।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा की देखरेख में कार्यक्रम के लिए 8 टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम को अचल सरोवर में निर्धारित स्थान पर दीपक सजाने और जलाने का जिम्मा दिया गया है। दीपक जलाने के कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीम को नगर निगम की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
दीपोत्सव के साथ ही अचल सरोवर में लेजर बीम शो का भी आयोजन किया जाएगा। इस दौरान शिव तांडव, गणेश वंदना, राम आरती, रामायण, वंदे मातरम, जय हो और देशभक्ति गीतों पर भव्य लेजर शो किया जाएगा।
मेयर प्रशांत सिंघल और नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा टीम के साथ लगातार तैयारियों में जुटे हैं। कार्यक्रम में आतिशबाजी का भी आयोजन होगा, जिससे दीपोत्सव की भव्यता और बढ़ जाएगी। नगर निगम अलीगढ़ में पहली बार लेजर शो का आयोजन कर रहा है, जो इस कार्यक्रम को और आकर्षक बनाएगा।