अबू धाबी में रूस और यूक्रेन के बीच वार्ता समाप्त, युद्धबंदियों के आदान-प्रदान का रास्ता साफ होने के संकेत

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों के तहत संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की राजधानी अबू धाबी में हुई त्रिपक्षीय शांति वार्ता समाप्त हो गई है। इस बातचीत में रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधियों के साथ अमेरिका ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई। बैठक के बाद दोनों देशों के बीच बड़े पैमाने पर कैदियों की अदला-बदली को लेकर सहमति बनने की जानकारी सामने आई है।

रूसी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे व्लादिमीर मेडिंस्की ने वार्ता समाप्त होने के बाद बताया कि दोनों पक्ष कैदियों की अदला-बदली के लिए तैयार हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे जुड़ी विस्तृत जानकारी जल्द सार्वजनिक की जाएगी। मेडिंस्की के मुताबिक, बातचीत के दौरान मानवीय मुद्दों के साथ-साथ यूरोप की भविष्य की सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। हालांकि, किन अन्य मुद्दों पर सहमति बनी है, इसकी जानकारी उन्होंने साझा नहीं की।

युद्ध के बाद यूरोप की सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा

मेडिंस्की ने कहा कि रूस-यूक्रेन संघर्ष समाप्त होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कैसी होगी, इस पर अभी से विचार करना जरूरी है। उनके अनुसार, इस युद्ध ने यूरोप की मौजूदा सुरक्षा प्रणाली की कई कमजोरियों को उजागर किया है। उन्होंने सभी देशों के हितों को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष और संतुलित सुरक्षा ढांचा तैयार करने की जरूरत बताई।

दो दिनों तक चली इस बैठक में मानवीय मामलों और सुरक्षा से जुड़े कई अहम पहलुओं पर बातचीत हुई। वार्ता में अमेरिका की ओर से जेरेड कुशनर और विशेष दूत स्टीव विटकोफ भी शामिल हुए।

मॉस्को जा सकते हैं अमेरिकी प्रतिनिधि

अमेरिकी प्रतिनिधि जेरेड कुशनर ने कैदियों की अदला-बदली पर बनी सहमति को बातचीत की सकारात्मक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि कैदियों की अंतिम संख्या गुरुवार को तय की जाएगी। कुशनर ने यह भी संकेत दिया कि वह और स्टीव विटकोफ आगे की बातचीत के लिए मॉस्को जा सकते हैं।

कुशनर के मुताबिक, यदि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन युद्ध समाप्त करने से जुड़े अमेरिकी प्रस्तावों पर सहमति जताते हैं, तो दोनों अधिकारी मॉस्को में बातचीत को आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे। इसके बाद उनकी यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से भी मुलाकात हो सकती है।

उन्होंने कहा कि रूस की अपनी सुरक्षा संबंधी चिंताएं हैं और तनाव कम करने के लिए उससे सुझाव मांगे गए हैं। बातचीत की प्रक्रिया में नाटो और यूरोपीय देशों को भी शामिल किए जाने की बात कही गई है।

जेलेंस्की ने बातचीत को बताया महत्वपूर्ण

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने वार्ता के एक सत्र को रचनात्मक और महत्वपूर्ण बताया। उनके अनुसार, चर्चा का प्रमुख केंद्र मानवीय मुद्दे रहे। इनमें युद्धबंदियों की संभावित अदला-बदली के अलावा हिरासत में रखे गए यूक्रेनी नागरिकों और देश से बाहर ले जाए गए बच्चों की वापसी का मुद्दा भी शामिल था।

जेलेंस्की ने यह भी बताया कि यूक्रेन की सुरक्षा के लिए गारंटी देने के विषय पर बातचीत हुई है। हालांकि, रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध समाप्त करने की शर्तों को लेकर अभी किसी व्यापक समझौते की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में अबू धाबी में हुई वार्ता को शांति प्रक्रिया की दिशा में एक अहम बातचीत माना जा रहा है, लेकिन युद्ध खत्म होने की राह में कई बड़े मुद्दों पर सहमति बनना अभी बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *