सुल्तानपुर में 33 केवी लाइन खराब होने से बड़ा बिजली संकट, घंटों बाधित रही सप्लाई, लाखों लोग प्रभावित

सुल्तानपुर जिले के धनपतगंज पावर हाउस से जुड़े क्षेत्रों में 33 केवी मुख्य विद्युत लाइन में ब्रेकडाउन होने से शुक्रवार देर रात बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। रात करीब एक बजे आई तकनीकी खराबी के कारण पावर हाउस से संचालित सभी 11 केवी फीडरों की सप्लाई बंद हो गई, जिससे एक लाख से अधिक आबादी प्रभावित हुई।
शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों को उमस भरी गर्मी में भारी परेशानी झेलनी पड़ी। साथ ही कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रही।
बिजली बाधित होने से धनपतगंज बाजार, हरौरा बाजार, चंदौर, मायंग, पीपर गांव, भरसड़ा, लोहंगी, मझवारा, अतरसुमा, बेनीपुर, सराय भारती, रामनगर, सेमरौना, पंडरी समेत कई गांवों में अंधेरा छाया रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली कटौती और तकनीकी फॉल्ट की समस्या अक्सर बनी रहती है। रातभर बिजली नहीं रहने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
बिजली विभाग के अनुसार 33 केवी मुख्य लाइन में आए ब्रेकडाउन की वजह से सभी संबंधित फीडरों की आपूर्ति बाधित हुई। विभाग की तकनीकी टीम फॉल्ट का पता लगाने और उसे ठीक करने में जुटी रही। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।
