नोएडा में साइबर अपराधियों का जाल, शेयर निवेश और डिस्ट्रीब्यूटरशिप के नाम पर 36 लाख ऐंठे

नोएडा में साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीकों से दो लोगों को निशाना बनाकर करीब 36 लाख रुपये की ठगी कर ली। एक पीड़ित को शेयर बाजार में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच दिया गया, जबकि दूसरे को नामी सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी की डिस्ट्रीब्यूटरशिप दिलाने का झांसा देकर रकम ऐंठ ली। दोनों मामलों में साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहला मामला: निवेश पर मोटे मुनाफे का झांसा

सेक्टर-12 निवासी मानस रंजन नायक ने शिकायत में बताया कि जुलाई 2025 में उन्हें व्हाट्सएप पर एक निवेश संबंधी ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप के सदस्यों ने ब्लॉक ट्रेडिंग के जरिए शेयर बाजार में अधिक मुनाफा कमाने का दावा किया और एक ऑनलाइन निवेश प्लेटफॉर्म पर उनका अकाउंट खुलवाने की बात कही।

विश्वास जीतने के बाद आरोपियों ने 8 अगस्त से 28 अगस्त 2025 के बीच अलग-अलग किस्तों में उनसे 19.90 लाख रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर करा लिए। इसके बदले उनके अकाउंट में बड़ी मात्रा में शेयर दिखाए गए, लेकिन जब उन्होंने शेयर बेचकर रकम निकालने की कोशिश की तो उन्हें अनुमति नहीं मिली। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई।

दूसरा मामला: डिस्ट्रीब्यूटरशिप के नाम पर धोखाधड़ी

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क निवासी अमित कुमार ने पुलिस को बताया कि पिछले वर्ष नवंबर में उन्हें एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें एक प्रसिद्ध कोल्ड ड्रिंक ब्रांड की डिस्ट्रीब्यूटरशिप दिलाने का प्रस्ताव दिया गया था।

आरोपियों ने कारोबार शुरू कराने, लाइसेंस और डीलरशिप की प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर उनसे अलग-अलग चरणों में करीब 16 लाख रुपये जमा करा लिए। पूरी रकम मिलने के बाद आरोपियों ने संपर्क बंद कर दिया और न तो डिस्ट्रीब्यूटरशिप उपलब्ध कराई और न ही पैसे वापस किए।

दोनों मामलों में पीड़ितों की शिकायत के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, ईमेल आईडी और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि निवेश, ऑनलाइन ट्रेडिंग या किसी भी कंपनी की डिस्ट्रीब्यूटरशिप से जुड़े प्रस्तावों पर भरोसा करने से पहले उनकी आधिकारिक वेबसाइट और दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच करें। सोशल मीडिया, व्हाट्सएप या ईमेल के जरिए मिलने वाले आकर्षक ऑफर पर बिना सत्यापन के पैसे ट्रांसफर करने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *