राजकुमार राव ने किया CJP छात्रों का समर्थन, बोले- संवाद से निकले समाधान

नई दिल्ली: शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक के मामलों और अन्य मांगों को लेकर जंतर-मंतर पर जारी CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के छात्र आंदोलन को लेकर अभिनेता राजकुमार राव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए युवाओं की आवाज सुनने और हर मुद्दे का समाधान शांतिपूर्ण संवाद के जरिए निकालने की अपील की।
राजकुमार राव ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किए गए संदेश में लिखा कि जब युवाओं को लगता है कि उनकी बात नहीं सुनी जा रही, तो यह पूरे समाज के लिए आत्ममंथन का विषय है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति की बात सम्मान, गरिमा और निष्पक्षता के साथ सुनी जानी चाहिए तथा किसी भी स्थिति में शांति बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है।
अभिनेता ने अपने संदेश में यह भी कहा कि हिंसा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। उनके अनुसार, टकराव केवल परिस्थितियों को और जटिल बनाता है, जबकि बातचीत और संवेदनशीलता से स्थायी समाधान निकाला जा सकता है। उन्होंने छात्रों से शांतिपूर्ण और जिम्मेदार तरीके से अपनी बात रखने की अपील की, वहीं प्रशासन से भी खुले मन से उनकी मांगों पर विचार करने का आग्रह किया।
राजकुमार राव ने कहा कि देश की प्रगति की सबसे मजबूत नींव एक पारदर्शी, निष्पक्ष और मजबूत शिक्षा व्यवस्था है। उन्होंने अपने संदेश का समापन “जय हिंद” के साथ किया।
दरअसल, नीट पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के नेतृत्व में छात्रों का प्रदर्शन जारी है। हाल ही में हुए ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान पुलिस कार्रवाई के बाद यह आंदोलन और चर्चा में आ गया। इसके बाद फिल्म जगत की कई हस्तियों ने भी छात्रों के समर्थन में अपनी राय रखी है।
इससे पहले अभिनेत्री शबाना आजमी, अभिनेता प्रकाश राज और अभिनेत्री प्रतिभा रांटा सहित कई कलाकार शिक्षा व्यवस्था में सुधार की जरूरत बताते हुए छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुनने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की वकालत कर चुके हैं।
