स्पोर्ट्स कॉलेज प्रवेश के लिए ट्रायल शेड्यूल जारी, मई में होगी चयन परीक्षा

Uttar Pradesh Sports Colleges Society के तहत संचालित प्रदेश के विभिन्न स्पोर्ट्स कॉलेजों में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। कक्षा 6, 9 और 11 में दाखिले के लिए चयन और ट्रायल कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी रवि कुमार ने बताया कि अभ्यर्थी Khel Sathi Portal के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन स्पोर्ट्स कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक से भी किए जा सकेंगे। आवेदन शुल्क 200 रुपये रखा गया है।
इस प्रवेश प्रक्रिया के तहत प्रदेश के विभिन्न स्पोर्ट्स कॉलेजों में कुल 518 संभावित रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। आवेदन करने वाले छात्रों का उत्तर प्रदेश का निवासी होना अनिवार्य है। आवेदन के दौरान यूडाइस पोर्टल द्वारा जारी पीईएन (Permanent Education Number) दर्ज करना जरूरी होगा।
आयु सीमा कक्षा 6 के लिए 9 से 12 वर्ष, कक्षा 9 के लिए 12 से 15 वर्ष और कक्षा 11 के लिए 15 से 17 वर्ष तय की गई है।
इन स्पोर्ट्स कॉलेजों में एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, कुश्ती, जूडो, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, तैराकी, जिम्नास्टिक, बॉक्सिंग और भारोत्तोलन जैसे खेलों में प्रवेश दिया जाएगा।
प्रारंभिक चयन परीक्षा 15 मई से 25 मई 2026 तक प्रदेश के अलग-अलग मंडलों में आयोजित होगी। गोरखपुर और आजमगढ़ मंडल के अभ्यर्थियों के लिए ट्रायल 18 और 19 मई 2026 को तय केंद्रों पर होंगे। अभ्यर्थियों को सुबह 7 बजे से 9 बजे के बीच परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा।
चयन परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी। इसमें 50 अंक शारीरिक परीक्षा और 50 अंक खेल तकनीक एवं प्रदर्शन के लिए निर्धारित किए गए हैं। दोनों भागों में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य होगा।
मुख्य चयन परीक्षा जून 2026 में लखनऊ, गोरखपुर और सैफई में आयोजित की जाएगी। अंतिम चयन बायोलॉजिकल एज टेस्ट और काउंसलिंग के आधार पर किया जाएगा।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 9230992739, 9506843789 या ई-मेल up.khelsathi@gmail.com तथा admission.sportscollege@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं।
