गाजीपुर में शिक्षा को बढ़ावा, ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत 30 स्कूलों में साइंस लैब तैयार

गाजीपुर में नए शैक्षणिक सत्र के साथ ‘स्कूल चलो अभियान’ की शुरुआत कर दी गई है। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों के नामांकन को बढ़ाना और सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत करना है।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के स्कूलों में कई सुधारात्मक कदम उठाए गए हैं। इसके तहत कक्षा 1 से 8 तक के 30 स्कूलों में साइंस लैब स्थापित की गई हैं, ताकि बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़े और वे प्रयोगात्मक तरीके से सीख सकें।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नामांकन सरकारी स्कूलों में कराएं, जहां शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।
प्रशासन के अनुसार प्रदेश सरकार के निर्देश पर स्कूलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। इसके तहत कई विद्यालयों में नए क्लासरूम, टाइल्स, फर्नीचर, शौचालय और किचन गार्डन जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। साथ ही कई स्कूलों में स्मार्ट क्लास की सुविधा भी शुरू की गई है, जिससे पढ़ाई को अधिक तकनीकी और रोचक बनाया जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि शिक्षकों की नियमित उपस्थिति पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्कूलों और शिक्षकों को प्रोत्साहित भी किया जा रहा है। ‘निपुण’ अभियान के तहत उत्कृष्ट परिणाम देने वाले विद्यालयों को विशेष सम्मान दिया जा रहा है।
प्रशासन का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक बच्चे स्कूलों से जुड़ें और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो, जिससे जिले में शिक्षा का स्तर और बेहतर किया जा सके।s
