मार्च में अचानक गर्मी का असर, कई जगह पारा 40°C के करीब; दिल्ली, यूपी और बिहार के लिए मौसम विभाग ने चेतावनी दी

देश के कई हिस्सों में मार्च की शुरुआत के साथ ही तेज गर्मी महसूस की जा रही है। महाराष्ट्र के अकोला में तापमान अभी से 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। वहीं दिल्ली, पटना, लखनऊ, भोपाल और चंडीगढ़ जैसे शहरों में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार म्यांमार के पास बंगाल की खाड़ी में एक बड़ा वायुमंडलीय परिसंचरण (एटमॉस्फेरिक सर्कुलेशन) बन गया है। यह सिस्टम धीरे-धीरे भारत की ओर बढ़ रहा है, जिसके कारण आने वाले दिनों में मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ी गर्मी
दिल्ली-एनसीआर में मार्च की शुरुआत से ही गर्मी का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक आसमान में हल्के बादल रह सकते हैं, लेकिन तापमान में ज्यादा राहत मिलने की संभावना नहीं है।
पंजाब और हरियाणा में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। अगले कुछ दिनों तक यहां किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं और तेज धूप के कारण तापमान धीरे-धीरे बढ़ सकता है।
उत्तर प्रदेश में तापमान सामान्य से ज्यादा
उत्तर प्रदेश में भी मार्च के साथ ही गर्मी तेज होने लगी है। कई जिलों में तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान धीरे-धीरे बढ़ता रहेगा।
हालांकि 14 मार्च के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। दक्षिणी जिलों में दोपहर के समय तेज धूप के कारण लोग घरों से निकलने से बच रहे हैं।
सोमवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री ज्यादा है। झांसी में तापमान 37.9 डिग्री, आगरा में 37.3 डिग्री और प्रयागराज में 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 10 मार्च को लखनऊ में अधिकतम तापमान 35 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20 से 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं कानपुर, गाजियाबाद और मेरठ में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20 से 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
बिहार में मई जैसी गर्मी
बिहार में भी मार्च में ही तेज गर्मी महसूस की जा रही है। सोमवार को राज्य के कई हिस्सों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे लोगों को मई जैसी तपिश का अहसास होने लगा है।
बक्सर, गया, औरंगाबाद, रोहतास और पटना में गर्मी का असर ज्यादा देखा गया है और कई जगह लू जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण बुधवार से मौसम में कुछ बदलाव संभव है।
