सुल्तानपुर की कमान अब IPS चारू निगम के हाथ, नई SP के रूप में संभाला पदभार

सुल्तानपुर जिले को नई पुलिस कप्तान मिल गई है। प्रशासनिक स्तर पर हुए हालिया तबादलों के तहत आईपीएस अधिकारी चारू निगम को जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह पीएसी गाजियाबाद में सेनानायक के रूप में अपनी सेवाएं दे रही थीं।

वहीं, अब तक सुल्तानपुर की जिम्मेदारी संभाल रहे कुंवर अनुपम सिंह को जौनपुर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। उन्होंने जनवरी 2025 में सुल्तानपुर का कार्यभार ग्रहण किया था और करीब 13 महीनों तक जिले में सक्रिय भूमिका निभाई। इस दौरान उन्हें पदोन्नति मिली और वे एसएसपी बने।

आगरा में जन्म, दिल्ली में शिक्षा

आईपीएस चारू निगम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा की निवासी हैं। उनके पिता एम.एस. निगम दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी में कार्यरत थे, जिसके चलते परिवार बाद में दिल्ली शिफ्ट हो गया। चारू निगम की शुरुआती से लेकर उच्च शिक्षा तक की पढ़ाई दिल्ली में ही हुई।

उन्होंने गणित और कंप्यूटिंग में बीटेक की पढ़ाई पूरी की। इंजीनियरिंग के बाद उन्होंने कॉरपोरेट सेक्टर में जाने के बजाय सिविल सेवा को अपना लक्ष्य चुना। कई प्रयासों के बाद वर्ष 2013 में आईपीएस कैडर में उनका चयन हुआ।

पहली तैनाती से ही दिखाई सख्ती

साल 2014 में चारू निगम को झांसी में पहली पोस्टिंग मिली। चंबल जैसे संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में उन्होंने बिना किसी दबाव के जिम्मेदारी संभाली। तैनाती के शुरुआती दिनों से ही उन्होंने खनन माफिया, अवैध शराब कारोबार और पशु तस्करी के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया।

उनकी कार्रवाई से अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में खलबली मच गई। इसके अलावा गांजा और चरस तस्करी के मामलों में भी उन्होंने कई अहम ऑपरेशन को अंजाम दिया।

मुस्कुराती शख्सियत, लेकिन अपराध पर जीरो टॉलरेंस

चारू निगम को एक तरफ जहां उनकी सख्त और ईमानदार कार्यशैली के लिए जाना जाता है, वहीं उनका स्वभाव काफी हंसमुख भी है। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि बचपन से ही उनका नेचर खुशमिज़ाज रहा, जिसकी वजह से उन्हें पढ़ाई के दौरान कई बार टोका भी गया।

झांसी में अपने कार्यकाल के दौरान उनकी निष्पक्ष और मजबूत पुलिसिंग के चलते स्थानीय लोग उन्हें ‘लेडी सिंघम’ कहकर पुकारने लगे थे।

अब सुल्तानपुर की जनता को उम्मीद है कि उनकी अगुवाई में जिले में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी और अपराध पर सख्ती से लगाम लगेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *