सोमी अली की आंखें नम हुईं सलीम खान की स्वास्थ्य संबंधी खबर सुनकर।

दिग्गज स्क्रिप्ट राइटर और सलमान खान के पिता सलीम खान की अचानक तबीयत खराब होने के बाद उन्हें मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उनकी सेहत की खबर सामने आते ही फैंस और फिल्मी हस्तियां उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रही हैं।
इसी बीच सलमान खान की पूर्व गर्लफ्रेंड रहीं सोमी अली भी इस खबर से भावुक नजर आईं। उन्होंने एक इमोशनल पोस्ट साझा कर सलीम खान के प्रति अपना सम्मान और स्नेह जाहिर किया। फिलहाल सलीम खान ICU में डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
सोमी अली ने जताई चिंता, बताया ‘पिता समान’
सोमी अली ने अपने पोस्ट में लिखा कि सलीम खान के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सुनकर उनका दिल टूट गया। उन्होंने उन्हें दुनिया के लिए महान लेखक और अपने लिए पिता समान बताया। सोमी ने उन दिनों को याद किया जब वह उनके घर में रहीं और परिवार से बेटी जैसा स्नेह मिला।
उन्होंने लिखा कि सलीम खान के साथ बिताए पलों में उन्हें धर्म, इंसानियत और जिंदगी के गहरे मायने समझने को मिले। उनके अनुसार, सलीम खान ने सिखाया कि इंसानियत किसी भी सिद्धांत से बड़ी होती है और कहानी में सच्चाई का होना जरूरी है।
सोमी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए भावुक अंदाज में दुआ की और बताया कि सलीम खान आज भी उनकी जिंदगी में खास मायने रखते हैं।
गौरतलब है कि सलीम खान हिंदी सिनेमा के प्रतिष्ठित लेखकों में गिने जाते हैं और उन्होंने कई यादगार फिल्मों की पटकथा लिखी है, जिन्होंने भारतीय सिनेमा को नई दिशा दी।
