गोवा क्लब फायर केस में लूथरा ब्रदर्स पर कसा शिकंजा, गिरफ्तारी के लिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की शुरुआत

गोवा क्लब अग्निकांड मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। मुख्य आरोपी और क्लब मालिक गौरव लूथरा व सौरभ लूथरा देश छोड़कर फुकेट भाग चुके हैं, जिसके बाद दोनों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
एफआईआर दर्ज होते ही पुलिस एक्शन में आ गई और दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु दिल्ली स्थित पते पर छापेमारी के लिए टीम भेजी गई, लेकिन वे वहां नहीं मिले। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत उनके घर पर नोटिस चस्पा कर दिया गया।
BOI ने जारी किया लुकआउट नोटिस
गोवा पुलिस के अनुरोध पर ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन (BOI) ने रविवार (7 दिसंबर 2025) की शाम तक दोनों आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया। जांच में पता चला कि वही दिन सुबह करीब 5:30 बजे दोनों इंडिगो फ्लाइट 6E 1073 से फुकेट रवाना हो गए, यानी हादसे के तुरंत बाद ही देश छोड़ दिया गया।
जांच से बचने के लिए देश से फरार?
हादसे के तुरंत बाद विदेश निकल जाना इस ओर संकेत करता है कि आरोपियों ने पुलिस जांच से बचने के लिए विदेश रुख किया। अब गोवा पुलिस ने गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए CBI के इंटरपोल डिवीजन के साथ तालमेल शुरू कर दिया है।
पहले जारी हुआ ब्लू कॉर्नर नोटिस
गोवा के बर्च बाय रोमीओ लेन नाइट क्लब में हुए इस दर्दनाक हादसे में 25 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद इंटरपोल द्वारा पहले ही ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है, जिसका उद्देश्य आरोपियों के लोकेशन व गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाना है।
